East Champaran :- जिले के रक्सौल थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल सीमा से गांजा की खेप ला रही एक टाटा अल्ट्राज कार को जब्त किया है। पुलिस ने वाहन से कुल 166 किलो गांजा बरामद किया है। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर गठित विशेष टीम द्वारा की गई। टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद, रक्सौल थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार, अपर थानाध्यक्ष रवि कुमार, पुलिस पदाधिकारी सुधीर कुमार, सिपाही स्वेता कुमारी, आरती कुमारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल की ओर से एक चार पहिया वाहन में भारी मात्रा में गांजा लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही रक्सौल शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर नाकेबंदी कर सघन वाहन जांच शुरू की गई। इसी क्रम में नेपाल की ओर से आ रही टाटा अल्ट्राज कार (बीआर-06 ईबी-0331) को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस को देखते ही वाहन में सवार तस्करों ने भागने की कोशिश की। इस दौरान चालक को पकड़ लिया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान समस्तीपुर जिले के मूसरीघरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत विशंभरपुर वार्ड संख्या-8 निवासी मुनीलाल महतो के पुत्र रूपन कुमार के रूप में की गई है।
वाहन की तलाशी लेने पर कार के अंदर छिपाकर रखा गया कुल 166 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा के साथ टाटा अल्ट्राज कार को भी जब्त कर लिया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार तस्कर की पहचान की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान तेज कर दिया गया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि गांजा की यह खेप कहां ले जाई जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

