Ranchi News:- झारखंड में बढ़ती कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने केजी से लेकर कक्षा 12वीं तक की सभी कक्षाओं को दो दिनों के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया है। इस आदेश के तहत 5 जनवरी और 6 जनवरी 2026 को जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियां बंद रहेंगी।
रविवार को जारी आधिकारिक बयान में जिला प्रशासन ने बताया कि मौसम विज्ञान केंद्र, झारखंड (रांची) के विशेष बुलेटिन के अनुसार आगामी दिनों में अत्यधिक ठंड और शीतलहर की स्थिति बनी रहने की संभावना है। इस दौरान रांची जिले को येलो जोन की श्रेणी में रखा गया है, जहां ठंड का प्रभाव अधिक रहने का अनुमान है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि कक्षा 11वीं और 12वीं की निर्धारित परीक्षाओं के संबंध में विद्यालय प्रबंधन अपने विवेक से निर्णय ले सकते हैं। यदि किसी विद्यालय में इस अवधि के दौरान परीक्षाएं निर्धारित हैं, तो वे स्थिति का आकलन कर उपयुक्त फैसला ले सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि सरकारी विद्यालय पहले से ही शीतकालीन अवकाश के कारण 5 जनवरी तक बंद हैं। वहीं 6 जनवरी को सरकारी विद्यालयों में शिक्षक उपस्थित रहेंगे और ई-विद्या वाहिनी (ई-वीवी) पोर्टल पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे।
जिला प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन को आदेश का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें और ठंड के इस मौसम में आवश्यक सावधानियां बरतें।

