Saran News:- नशा मुक्त अभियान के तहत सारण पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय शराब तस्करी के एक बड़े रैकेट का खुलासा किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष के निर्देशन में मकेर थाना पुलिस ने रेवा घाट के समीप कार्रवाई कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है और एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रक के माध्यम से शराब की बड़ी खेप जिले में खपाने की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही मकेर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेवा घाट के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध दस चक्का ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें कुल 9546.84 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से शराब लदे ट्रक को जब्त कर लिया है। साथ ही दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। इस मामले में राजस्थान के बाड़मेर जिले के गुडामालाणी थाना क्षेत्र अंतर्गत शक्तिनगर गांव निवासी राणा राम गोढ़ारा, पिता पाबु राम, को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तस्कर से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे सारण जिले में किन-किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। आशंका है कि इस तस्करी के पीछे एक संगठित सिंडिकेट सक्रिय है, जिसकी कड़ियां अन्य राज्यों से भी जुड़ी हो सकती हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शराब के अवैध निर्माण, परिवहन और भंडारण में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। शराब माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मकेर थाना पुलिस की इस कार्रवाई को नशा मुक्त अभियान के तहत एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस अभियान में मकेर थानाध्यक्ष सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

