Ranchi News:- राजधानी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। नवविवाहिता का शव उसके ससुराल स्थित रमजान कॉलोनी के एक कमरे में संदिग्ध हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान 21 वर्षीय सजबीन परवीन के रूप में हुई है। सजबीन के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मंगलवार दोपहर सजबीन परवीन के मायके पक्ष के लोग रांची पहुंचे। मौके पर पहुंचकर उन्होंने ससुराल वालों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और हत्या का आरोप लगाया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई, जो बाद में मारपीट में तब्दील हो गई। स्थिति बिगड़ते देख लोअर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही सजबीन को ससुराल में दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल पक्ष उस पर मायके से हिस्सा लाने का दबाव बनाता था। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जाता था।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच दहेज हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं में की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

