Bhaglapur News:- भागलपुर जिले के जोगसर थाना क्षेत्र अंतर्गत माणिक सरकार घाट पर रील बनाने के दौरान गंगा नदी में डूबे युवक का शव सोमवार को बरामद कर लिया गया। एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को गंगा से निकाला, जिससे परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब ढाई बजे युवक गंगा घाट पर मोबाइल से रील बना रहा था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गंगा नदी में जा गिरा और गहरे पानी में डूब गया। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल जोगसर थाना को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जोगसर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और एसडीआरएफ को घटना की जानकारी दी गई। एसडीआरएफ की टीम ने रविवार को ही गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद सोमवार को फिर से सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
लगातार प्रयासों के बाद सोमवार को युवक का शव गंगा नदी से बरामद किया गया। मृतक की पहचान माणिक सरकार घाट के पास रहने वाले प्रवीण कुमार के रूप में हुई है। वह मंगल कुमार का पुत्र था। बताया जा रहा है कि प्रवीण कुमार अपने दोस्तों के साथ घाट पर आया था और रील बनाने के दौरान यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासी और भाजपा जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार सोलंकी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्वयं गंगा में उतरकर युवक को खोजने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक का घर घटनास्थल के पास ही था, इसके बावजूद उसके परिवार को इस हादसे की जानकारी शव बरामद होने के बाद ही मिल सकी, जो बेहद दुखद है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जोगसर थाना पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। इस घटना के बाद घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और नदी किनारे रील बनाने के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

