Chaibasa News:- पश्चिम सिंहभूम जिले के खूंटपानी प्रखंड अंतर्गत पांड्रासाली थाना क्षेत्र के ऊपर लोटा गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। खेत में युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों ने गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है, जबकि पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय सीनू राम जारीका के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार, शनिवार को परिवार के सभी सदस्य एक दशकर्म कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गांव से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान शाम करीब आठ बजे सीनू राम खेत में गए बैलों को घर लाने के लिए निकला था। देर रात तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
काफी खोजबीन के बाद उसकी पत्नी खेत की ओर गई, जहां सीनू राम का शव पड़ा हुआ मिला। शव को देखकर परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पांड्रासाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का निरीक्षण किया। पुलिस को मृतक के गले पर रस्सी के स्पष्ट निशान मिले हैं, जिससे गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका और मजबूत हो गई है।
रविवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के सही कारणों का पता चल सके। घटना के बाद मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। सीनू राम अपने पीछे पत्नी और छह वर्षीय एक मासूम बच्चे को छोड़ गया है, जिनके सामने अब आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल के साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

