Chaibasa News:- जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के बलांडिया जंगल में बुधवार दोपहर बैल व्यापारी अर्जुन महाकुड़ से पिस्टल दिखाकर 85 हजार रुपये, मोबाइल, पर्स और चांदी की चेन लूट लेने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
पीड़ित अर्जुन महाकुड़ हाटगम्हरिया बाजार से बैल बेचकर लौट रहे थे। तोरलो मोड़ के पास तीन बदमाश डंडे लिए पुलिया पर बैठे थे। जैसे ही अर्जुन की बाइक रुकी, पीछे से दो और अपराधी मोटरसाइकिल पर आए और एक ने उनके सिर पर पिस्टल तान दी। विरोध करने पर जंगल से दो अन्य बदमाश निकल आए, जिनमें से एक के पास हंसुआ था। इस दौरान अर्जुन के दाहिने पैर पर वार किया गया और पिस्टलधारी ने उनके सिर पर हमला किया।
इसके बाद डंडा लिए तीनों बदमाश भी उन पर चढ़ गए और रुपये देने की धमकी दी। जान से मारने की धमकी के बाद अर्जुन ने अपने जेब में रखे 85 हजार रुपये अपराधियों को सौंप दिए। इसके साथ ही बदमाशों ने उनके गले की चांदी की चेन, मोबाइल और पर्स भी छीनकर जंगल की ओर फरार हो गए।
थाना प्रभारी रंजीत उरांव ने बताया कि अर्जुन महाकुड़ के बयान के आधार पर छह अज्ञात अपराधियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई है। हाटगम्हरिया और मंझारी थाना बल के साथ एक संयुक्त जांच दल बनाया गया है, जिसमें टेक्निकल टीम भी शामिल है। पुलिस बलांडिया जंगल के चप्पे-चप्पे की छानबीन कर रही है और आशा जताई जा रही है कि अपराधी जल्द ही गिरफ्तार होंगे

