Ranchi News:- गोवा के एक नाइट क्लब में गैस सिलेंडर विस्फोट से लगी भीषण आग में मारे गए झारखंड के तीन युवकों के शव सोमवार को रांची एयरपोर्ट लाए गए। शवों के पहुंचते ही माहौल भावुक हो गया। पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की ने पीड़ित परिवारों के साथ एयरपोर्ट पहुंचकर मृतकों—लापुंग प्रखंड के फतेहपुर गांव के दो सगे भाई प्रदीप महतो और विनोद महतो, तथा खूंटी के कर्रा निवासी मोहित मुंडा—को श्रद्धांजलि दी।
एयरपोर्ट से शवों को परिजन गांव लेकर गए, जहां फतेहपुर और गोविंदपुर में ग्रामीणों का भारी जमावड़ा उमड़ पड़ा। अंतिम दर्शन के दौरान परिजनों के क्रंदन से पूरा इलाका गमगीन हो गया। गांवों में शोक की लहर दौड़ गई और लोगों ने नम आंखों से युवकों को अंतिम विदाई दी।
पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि यह घटना बेहद दर्दनाक है और रोजगार के लिए मजबूरन होने वाला पलायन झारखंड के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है। उन्होंने बताया कि तीनों युवक करीब छह महीने पहले ही रोजगार की तलाश में गोवा गए थे। तिर्की ने नाइट क्लब प्रबंधन पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस हादसे की निष्पक्ष और विस्तृत जांच जरूर होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि गोवा सरकार को मृतकों के परिजनों को सम्मानजनक मुआवज़ा प्रदान करना चाहिए। उधर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की की पहल से तत्काल राहत के रूप में तीनों परिवारों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी गई है। साथ ही प्रत्येक परिवार को 1 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता जल्द उपलब्ध कराई जाएगी।
बंधु तिर्की ने राज्य सरकार से अपील की कि झारखंड में बढ़ते पलायन पर रोक लगाने के लिए ठोस और प्रभावी नीति बनाई जाए तथा मौजूदा विधानसभा सत्र में इस गंभीर मुद्दे पर विशेष चर्चा होनी चाहिए।

