Ranchi News:- गोवा के एक बार–रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग में झारखंड के तीन युवकों की मौत के बाद राज्य सरकार सतर्क मोड में आ गई है। घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है, जिसके बाद स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रविवार को सभी जिलाधिकारियों को फायर सेफ्टी को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं।
मंत्री ने निर्देश दिया है कि राज्यभर में रूफटॉप या ऊपरी मंजिलों पर संचालित बार, रेस्टोरेंट, होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की फायर सेफ्टी और संरचनात्मक सुरक्षा की तत्काल जांच की जाए। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि भविष्य में इसी तरह की कोई दुर्घटना झारखंड में होती है, तो संबंधित अधिकारी सीधे दोषी माने जाएंगे।
डॉ. अंसारी ने गोवा हादसे में मारे गए झारखंड के तीन युवकों के प्रति शोक जताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से प्रत्येक मृतक के परिवार को ₹1 करोड़ मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही उन्होंने गोवा सरकार से भी पर्यटकों की सुरक्षा के लिए विशेष कदम उठाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि वह जल्द ही मुख्यमंत्री से मिलकर मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से आर्थिक सहायता देने का अनुरोध करेंगे। मंत्री ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता जनता की सुरक्षा है और इस मामले में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
इसके साथ ही मंत्री ने होटल, रेस्टोरेंट और बार संचालकों को भी कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिष्ठानों को किचन, गैस पाइपलाइन, चूल्हा, चिमनी और अन्य तकनीकी तंत्र की नियमित जांच करनी होगी। साथ ही फायर सेफ्टी उपकरण, अलार्म सिस्टम और आपातकालीन निकास हर समय कार्यरत स्थिति में होने चाहिए।
मंत्री ने सभी जिलों से एक सप्ताह के भीतर व्यापक जांच रिपोर्ट देने को कहा है। सरकार का दावा है कि इस कार्रवाई से राज्य में फायर सेफ्टी मानकों को लेकर सख्ती बढ़ेगी और भविष्य में ऐसी किसी भी घटना को रोका जा सकेगा।

