Patna News:- बिहार के किशनगंज जिले में निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक राजस्व कर्मचारी को 2.50 लाख रुपये की घूस लेते हुए गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से जिले में एक बार फिर भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती का संदेश गया है।
सूत्रों के अनुसार, खगड़ा निवासी ओवेस अंसारी ने निगरानी विभाग को आवेदन देकर शिकायत की थी कि जमीन परिमार्जन (म्यूटेशन) के नाम पर राजस्व कर्मचारी राजदीप पासवान ने 2.50 लाख रुपये की घूस की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद विभाग की टीम ने मामले की गुप्त रूप से जांच की।
जांच में शिकायत सही पाई गई और इसके बाद विभाग ने जाल बिछाकर राजस्व कर्मचारी को पकड़ने की योजना बनाई। मंगलवार को निगरानी विभाग की सात सदस्यीय टीम ने प्रखंड कार्यालय क्षेत्र में छापेमारी की। इसी दौरान अभिषेक होटल के पास राजस्व कर्मचारी राजदीप पासवान को घूस की राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
निगरानी विभाग के डीएसपी विनोद कुमार ने बताया कि शिकायत की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में विभाग सख्त है और इस तरह की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी। गिरफ्तार कर्मचारी से फिलहाल पूछताछ की जा रही है और मामले की गहन जांच चल रही है।
घूसखोरी के इस मामले ने स्थानीय लोगों में काफी हलचल मचा दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई जनता के विश्वास को बनाए रखने और सरकारी व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि राज्य में भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के लिए ऐसी निगरानी अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे।
इस घटना ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि भ्रष्टाचार करने वाले चाहे कोई भी पदधारी हो, उन्हें कानून की पकड़ से बाहर नहीं रखा जाएगा।

