Palamu News:- मेदिनीनगर पुलिस ने अफीम तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक क्विंटल एक किलो 870 ग्राम अफीम (डोडा) भूसी बरामद की है। यह अवैध माल रांची के बुंडू थाना क्षेत्र के चक गांव से उत्तर प्रदेश के बरेली तस्करी कर ले जाया जा रहा था।
मामला सोमवार रात सामने आया, जब पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पांकी रोड से पड़वा की ओर एक सफेद रंग की कार से अफीम भूसी की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर सदर थाना प्रभारी लाल जी के नेतृत्व में टीम गठित की गई और एनएच-39 पर सिंगराकला के पास जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान डालटनगंज की ओर से तेज रफ्तार में आती एक कार पुलिस को संदिग्ध लगी। रुकने का इशारा करने पर चालक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस बल ने घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया।
जांच में कार (यूपी 25 डीवाई 0589) से चार प्लास्टिक के बोरों में भरी एक क्विंटल से अधिक अफीम भूसी बरामद हुई। पुलिस ने मौके से उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के पुराना शहर गोटिया निवासी मोहम्मद चांद (23) और जीशान (30) को गिरफ्तार कर लिया। उनके मोबाइल फोन भी जब्त कर लिये गये हैं।
प्राथमिक जांच में तस्करों ने बताया कि चक गांव में अफीम भूसी 1,400 रुपये प्रति किलो के हिसाब से खरीदी जाती थी और बरेली में इसकी कीमत 7,000 से 8,000 रुपये प्रति किलो तक होती है। इस अंतर का लाभ उठाकर वे लंबे समय से अवैध कारोबार चला रहे थे। एसपी रिष्मा रमेशन ने बताया कि पूछताछ में तस्करों ने नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामदगी को हाल के वर्षों की बड़ी सफलताओं में से एक माना जा रहा है।

