Saran News:- सारण जिले में सोमवार तड़के पुलिस और कुख्यात अपराधी नंदकिशोर राय उर्फ सिपाही राय के बीच हुई मुठभेड़ में अपराधी शिकारी राय घायल हो गया। घटना बिसुनपुरा क्षेत्र के पास हुई, जहां पुलिस टीम ने उसे घेराबंदी कर पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान उसने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। इस दौरान शिकारी राय के बाएं पैर में गोली लग गई। उसे इलाज के लिए तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस मुठभेड़ में पुलिस के एसआई शशि कुमार भी घायल हुए। उनके बाएं कंधे पर चोट आई है, हालांकि उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस की टीम लगातार इस ऑपरेशन में जुटी हुई थी, क्योंकि रविवार को पुलिस लाइन के पास गोली मारकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी। मृतक आजाद सिंह का भी आपराधिक इतिहास होने की बात सामने आई है।
सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष ने जानकारी दी कि हत्या कांड की जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर शिकारी राय की संलिप्तता की पुष्टि हुई। इसके बाद उसकी तलाश में पुलिस टीम सक्रिय की गई। उसकी लोकेशन अख्तियारपुर नहर के पास मिली। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि हथियार बिसनपुर बगीचा में छिपाकर रखे गए हैं। जैसे ही वह हथियार निकालने पहुंचा, उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
एसएसपी ने बताया कि घटनास्थल से दो पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस, तीन मैगजीन और दो खोखा बरामद किए गए हैं। पुलिस को उसके अन्य साथियों के नाम और लोकेशन की भी जानकारी मिल गई है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर आरोपियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
पूरे प्रकरण ने जिले में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस लगातार इलाके में गश्त बढ़ा रही है और अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में काम कर रही है।

