Araria News:- जिले के फारबिसगंज थाना क्षेत्र के किरकिचिया पंचायत के वार्ड संख्या दो स्थित कटहरा गांव में शनिवार देर शाम शॉर्ट सर्किट से लगी आग में 90 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में घर समेत अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार, आग लगने के दौरान सुधीर यादव (90 वर्ष), पिता स्व. महादेव यादव, गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन बुजुर्ग को नहीं बचाया जा सका। मौके पर पहुंची अग्निशमन टीम ने ग्रामीणों की मदद से आग बुझाई। आगजनी में करीब साढ़े तीन लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई।
मृतक सुधीर यादव के एक बेटा और दो बेटियां हैं। बेटा जगत नारायण यादव कपड़ों की फेरी और दवाई का काम करता है, जबकि दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है और वे ससुराल में रहती हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक मनोज विश्वास, मुखिया कफिल अंसारी, पूर्व मुखिया परमानंद यादव, डॉ. गजेन्द्र यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। विधायक ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और अंचलाधिकारी से बात कर सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

