Ranchi News:- साइबर पुलिस ने शुक्रवार देर शाम गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरिडीह–गांडेय मार्ग से जामताड़ा जा रही एक स्कॉर्पियो को रोककर उसमें सवार पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए सभी आरोपी विभिन्न स्थानों पर ऑनलाइन ठगी कर महंगे मोबाइल और सामान की खरीदारी कर वापस लौट रहे थे।
साइबर क्राइम के पुलिस उपाधीक्षक आविद खान ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में विजय मंडल, अर्जुन मंडल (दोनों करमाटाड़), आदित्य राज उर्फ ओम शंकर कुमार (किशनपुर), गजेंद्र कुमार और रवि कुमार (दोनों बरबीघा) शामिल हैं। पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपी निर्मल मंडल अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
छापेमारी के दौरान स्कॉर्पियो वाहन के साथ 10 आईफोन और 14 सिमकार्ड जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार ये सभी आरोपी स्वयं को फर्जी बैंक अधिकारी बताकर ई-केवाईसी अपडेट, आईटीओ चालान, लिंक अपडेट और अन्य बहानों से लोगों को फोन कर ठगी करते थे।
पीड़ितों से ठगे गए पैसों से ये अपराधी महंगे मोबाइल फोन, जेवर और अन्य वस्तुओं की खरीदारी करते थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार गिरोह कई राज्यों में सक्रिय था और लगातार लोगों को शिकार बना रहा था।
साइबर पुलिस टीम फरार अपराधी की तलाश में छापेमारी कर रही है।

