Palamu News:- हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के नारायणपुर बाजार में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 28 पेटी अवैध शराब से भरी एक बोलेरो जब्त की है। मामले में वाहन चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जब्त की गई 28 पेटियों में कुल 700 बोतल टनाका देशी शराब भरी हुई थी।
जिले की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर हुसैनाबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सोनू कुमार चौधरी गश्ती दल के साथ नारायणपुर बाजार पहुंचे। इसी दौरान पथरा की ओर से आ रही सफेद बोलेरो (बीआर 26ए 7477) को पुलिस ने देखा। पुलिस को देखकर चालक वाहन घुमाकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन गश्ती दल ने पीछा कर वाहन को रोक लिया।
तलाशी के दौरान प्लास्टिक के पांच बोरे में अवैध शराब की 28 पेटी बरामद की गई। वाहन चालक सौरभ सिंह, निवासी अलीनगर हुसैनाबाद, शराब से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन और शराब दोनों को जब्त कर लिया।
गश्ती दल में सहायक अवर निरीक्षक कालिका राम, हवलदार नवल किशोर प्रधान, जवान सोभनाथ साव, अरविंद कुमार और चालक सुरेंद्र पाल शामिल थे।
