Patna News:- बिहार सरकार में खेल विभाग की नई मंत्री श्रेयसी सिंह ने मंगलवार को विकास भवन स्थित अपने कार्यालय में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा विभाग की मौजूदा योजनाओं और कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।
इस मौके पर उन्होंने जमुई की जनता, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार जताया। श्रेयसी ने कहा कि उन्हें खेल जगत से जो सम्मान और समर्थन मिला है, उसने हमेशा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है। अब वे खिलाड़ियों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगी।
श्रेयसी सिंह स्वयं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रमुख शूटिंग खिलाड़ी रही हैं और कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने सहित कई उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि वे खेल पृष्ठभूमि से आती हैं, इसलिए खिलाड़ियों की जरूरतों और चुनौतियों को अच्छे से समझती हैं। इसी आधार पर वे बिहार में खेलों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक सुधार लागू करेंगी।
उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में खेल अवसंरचना के क्षेत्र में बिहार ने तेजी से प्रगति की है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजगीर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स राजगीर एवं जिला स्तरीय खेल भवनों समेत 14 बड़ी खेल परियोजनाओं पर काम जारी है। ये सभी परियोजनाएं राज्य के खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगी।
श्रेयसी ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में बिहार देश के अग्रणी खेल राज्यों में शामिल होगा। यहां के प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और मंच उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य है कि हर जिले से नए खिलाड़ी निकलें और बिहार खेल मानचित्र पर नए कीर्तिमान स्थापित करे।

