Chaibasa News:- पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड के गुवा थाना क्षेत्र के लिपुंगा गांव में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव के 72 वर्षीय सर्गिया बालमुचू और उनकी 65 वर्षीय पत्नी मुक्ता बालमुचू की उनके ही घर के आंगन में टांगी से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। सुबह ग्रामीणों ने जब दोनों के शव खटिया पर पड़े देखे तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
सुबह खेत जाने के दौरान एक ग्रामीण ने उन्हें सामान्य रूप से लेटा देख ध्यान नहीं दिया, लेकिन लौटते समय जब उसने प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर चादर हटाई तो दंपति खून से लथपथ मृत पाए गए। यह खबर जंगल की आग की तरह पूरे गांव में फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में लंबे समय से डायन-बिसाही को लेकर विवाद चल रहा था और मृतक दंपति पर भी कुछ लोग इस संबंध में शक कर उन्हें परेशान करते थे। बताया गया कि रविवार को पंचायत की एक बैठक में इसी मुद्दे पर दोनों पर जुर्माना (पेनल्टी) भी लगाया गया था। आशंका व्यक्त की जा रही है कि उसी विवाद की वजह से यह दोहरा हत्या कांड हुआ है।
गुवा थाना प्रभारी नीतिश कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में स्पष्ट है कि हत्या टांगी से गला काटकर की गई है और इसे अंजाम देने में एक से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और उन संदिग्धों की तलाश जारी है जिनसे मृतकों का पुराना विवाद था।
फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि घटना से जुड़े तथ्यों की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा सके।
घटना के बाद गांव में गहरा डर और दहशत का माहौल है। खासकर बुजुर्ग और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
इस दोहरी हत्या ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में फैले अंधविश्वास और कुप्रथाओं की भयावहता को सामने ला दिया है।


