Araia News:- फारबिसगंज प्रखंड के सिमराहा बाजार में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से दो दर्जन से अधिक दुकानें जलकर राख हो गईं। इस घटना में करीब एक करोड़ रुपये से अधिक की क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है। होटल में सो रहे 90 वर्षीय दुकानदार की झुलसकर मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग सुबह करीब तीन बजे के आसपास लगी। देखते ही देखते आग ने पूरे बाजार को अपनी चपेट में ले लिया। इसी दौरान एक होटल में रखा गैस सिलेंडर फट गया, जिससे आग और विकराल हो गई। होटल मालिक 90 वर्षीय श्याम बिहारी आग की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती अनुमान के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट से लगी हो सकती है। फिलहाल जांच जारी है।
आगजनी में किताब, किराना, होटल, मोटरसाइकिल पार्ट्स, मनिहारा, चाय-पान और फोटो कॉपी समेत कई दुकानें पूरी तरह जल गईं।
इनमें सुबोध मंडल का चाय दुकान, अफसर का मोटर पार्ट्स, रेहान का गैराज, जीवन व्यापारी और सोनू गुप्ता की मनिहारा दुकान, दीपक कुमार की टी स्टॉल, रविशंकर मेहता का गैराज, जयप्रकाश झा की किताब दुकान, प्रमोद ठाकुर व वीरेंद्र ठाकुर का सैलून, संतोष कुमार का पान दुकान, पवन कुमार का होटल, तबस्सुम आरा की फोटो कॉपी दुकान सहित कई अन्य दुकानें शामिल हैं।रेहान खान के गैराज में सात बाइक भी जलकर खाक हो गईं।
सूचना मिलते ही सिमराहा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, हालांकि तब तक अधिकांश दुकानें जल चुकी थीं। आग को बुझाने में कई घंटे लग गए।
घटना की जानकारी मिलने पर फारबिसगंज विधायक मनोज विश्वास, राजद जिलाध्यक्ष मंडल अविनाश आनंद और भाजपा ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल मौके पर पहुंचे।
विधायक मनोज विश्वास ने एसडीएम और संबंधित अधिकारियों से बात कर पीड़ितों को जल्द राहत और मुआवजा दिलाने की बात कही है।
पीड़ितों ने सरकार से तत्काल मदद की अपील की है, ताकि वे अपने जीवन-यापन को फिर से शुरू कर सकें।

