Ranchi News:– स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भारतीय जनता पार्टी पर उनके बयान को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जामताड़ा में फर्जी बीएलओ बनकर ग्रामीणों से धमकी और पैसे वसूली की शिकायतें मिल रही थीं, उसी पर उन्होंने सवाल उठाया था।
मंत्री ने कहा कि भाजपा जानबूझकर उनके बयान को तोड़-मरोड़कर जनता में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा मुद्दों से भटक चुकी है और गंदी राजनीति में लगी है। झारखंड की जनता सब जानती है और सच सामने आएगा।
अंसारी ने बताया कि जामताड़ा क्षेत्र साइबर फ्रॉड के लिए बदनाम रहा है। पहले भी कई बार नकली बीएलओ का मामला सामने आया है, जो मतदाता सूची से नाम काटने का डर दिखाकर रुपए लेते हैं। इस संदिग्ध गतिविधि पर उन्होंने उपायुक्त को निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया था।
उन्होंने कहा कि असली बीएलओ चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त सम्मानित कार्मिक होते हैं। फर्जी लोग उनकी जगह नहीं ले सकते। चुनाव आयोग सुनिश्चित करे कि किसी गरीब या वंचित के नाम को गलत तरीके से न हटाया जाए।

