Jamshedpur News:- जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में एक युवती के अचानक घर से लापता होने के बाद उसके माता-पिता ने पुलिस प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। बेटी की सुरक्षित वापसी की उम्मीद में परिवार ने सोमवार को एसएसपी पीयूष पांडेय को आवेदन सौंपकर विस्तृत कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों द्वारा दिए गए आवेदन में उल्लेख है कि युवती की पहचान बदलकर एक स्थानीय युवक उससे लंबे समय से संपर्क में था। आरोप है कि उसने अपना नाम छिपाकर स्वयं को ‘पप्पू’ बताया और भरोसा जीतने के बाद युवती को अपने साथ ले गया। परिजनों को बाद में पता चला कि युवक का असली नाम सलमान खान है और वह टेल्को के बारीनगर इलाके का निवासी है।
माता-पिता के अनुसार, कॉलेज आने-जाने के दौरान दोनों की जान-पहचान हुई थी। धीरे-धीरे उनके व्यवहार और सोच में परिवर्तन दिखने लगे। परिजन बताते हैं कि युवती ने घर की धार्मिक गतिविधियों से दूरी बनानी शुरू कर दी थी और परिवार की मान्यताओं पर सवाल उठाने लगी थी। इसी बीच परिजनों ने उसकी शादी तय करने की तैयारी भी शुरू कर दी थी, जिसके लिए जेवर और नकदी जुटाई गई थी।
लेकिन, 9 नवंबर को युवती अचानक घर से गायब हो गई। परिवार का कहना है कि वह घर में रखे गहनों और नकदी को भी साथ ले गई। युवती के मोबाइल से संपर्क होने पर वह घर लौटने से इनकार कर रही है, जिससे परिवार बुरी तरह चिंतित है।
परिजनों ने एसएसपी से अनुरोध किया है कि युवती को जल्द से जल्द ढूंढकर सुरक्षित वापस लाया जाए। साथ ही आरोपी युवक की पहचान, गतिविधियों और पूरे मामले की जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। आवेदन में चोरी हुए जेवर और नकदी की बरामदगी की भी बात कही गई है।
एसएसपी पीयूष पांडेय ने बताया कि आवेदन प्राप्त होते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हर पहलू को गंभीरता से परखा जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।

