Gaya ji : जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने मां-बेटे के रिश्ते को भी शर्मसार कर दिया है। यहां एक लालची बेटे ने संपत्ति हड़पने के लिए अपनी ही जिंदा मां को सरकारी कागजों पर मृत घोषित करा दिया। डेथ सर्टिफिकेट बनवाकर उसने मां मीना देवी की सारी संपत्ति अपने नाम कर ली। पीड़ित मां अब न्याय के लिए डीएम और एसएसपी के दरवाजे पर गुहार लगाने पहुंची है।
यह मामला गया शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के गोसाई बाग मोहल्ले का है। पीड़ित मीना देवी ने बताया कि बड़े बेटे दिलीप प्रसाद ने लालच में अंधे होकर न सिर्फ उनका मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाया, बल्कि इसी आधार पर मकान और अन्य संपत्तियों को भी अपने नाम दर्ज करा लिया। मीना देवी का कहना है कि वह जिंदा रहते हुए भी बेटे ने उन्हें “कागजों पर मार दिया।” उनकी बातों के अनुसार, उनकी बड़ी बहू भी लगातार यही दावा करती है कि “मीना देवी मर चुकी हैं।”
मीना देवी फिलहाल अपने छोटे बेटे धर्मेंद्र कुमार के साथ रांची में रहती हैं। इसी दौरान बड़े बेटे ने मौका पाकर खुद को इकलौता वारिस बताते हुए नगर निगम और अंचल कार्यालय में जाकर पूरी संपत्ति अपने नाम करा ली। धर्मेंद्र ने बताया कि इस धोखाधड़ी की जानकारी मिलते ही उन्होंने मां के साथ डीएम और एसएसपी से शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
मीना देवी का कहना है कि जिस बेटे ने उन्हें जिंदा रहते ही मृत घोषित करवा दिया, वह उनके घर या संपत्ति पर किसी अधिकार का हकदार नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि दिलीप को घर से बेदखल किया जाए। मीना देवी ने साफ कहा, “अब मैं उसे जायदाद में एक इंच भी हिस्सा नहीं दूंगी।” गया के मेयर वीरेंद्र कुमार ने कहा है कि मामला गंभीर है और जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

