Patna News ;- बिहार के नए उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए साफ चेतावनी दी है कि अपराध करने वालों के लिए अब बिहार में कोई जगह नहीं बचेगी। उन्होंने कहा कि राज्य पुलिस को अपराध रोकने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की पूरी छूट दी गई है, किसी भी तरह का राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं होगा।
भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सम्राट चौधरी ने कहा कि गृह मंत्रालय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में कार्य करेगा और कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सुशासन की नींव को और मजबूत करना उनकी शीर्ष प्राथमिकता है।
अपने पिछले बयानों को लेकर पूछे गए सवाल पर चौधरी ने स्पष्ट किया कि पुलिस पूरी ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में अपराध ग्राफ में उल्लेखनीय कमी दिखाई देगी और जनता खुद बदलाव महसूस करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में जिस “जंगलराज” को समाप्त किया गया था, उसकी वापसी किसी भी कीमत पर नहीं होने दी जाएगी। अपराधियों पर हर हाल में निर्णायक कार्रवाई की जाएगी और कानून-व्यवस्था में सुधार को लेकर कोई समझौता नहीं होगा।
गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न हुए मंत्रिमंडल विस्तार में पहली बार भाजपा नेता सम्राट चौधरी को गृह विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। इस विस्तार में कुल 27 मंत्रियों ने शपथ ली है, जिसमें 14 भाजपा, 8 जदयू, 2 लोजपा (रामविलास) और हम तथा आरएलएम के 1-1 विधायक शामिल हैं। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को भी अहम विभागों की कमान सौंपी गई है।
राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि सम्राट चौधरी की इस सख्त चेतावनी से संदेश साफ है कि सरकार अपराध नियंत्रण पर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतने वाली है। वहीं जनता में भी इस घोषणा के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर नई उम्मीद जगी है कि अब अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई होगी और सुशासन का असर जमीन पर दिखेगा।

