Palamu News:- पलामू जिले में मंगलवार की रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के सुआ गांव के डीटीएस टोला स्थित रेलवे ट्रैक पर पोल संख्या 285/25 के पास बरामद किया गया। मृतक की पहचान 22 वर्षीय रंजीत विश्वकर्मा, पिता रामप्रीत विश्वकर्मा, निवासी सुआ गांव, गोदाम चौक के पास के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि युवक पलामू एक्सप्रेस की चपेट में आने से मारा गया है, हालांकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, रंजीत मंगलवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसी बीच पलामू एक्सप्रेस के ड्राइवर ने रेलवे स्टेशन प्रबंधन को सूचना दी कि ट्रैक के पास एक शव पड़ा है। यह सूचना डालटनगंज स्टेशन और राजकीय रेल थाना पुलिस के माध्यम से सदर थाना को दी गई। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर रात में ही पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया गया।
सदर थाना प्रभारी लाल जी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास रेलवे फाटक भी है। उन्होंने कहा कि संभावना है कि रंजीत मोबाइल पर बात करते हुए ट्रैक के पास पहुंच गया होगा और ट्रेन गुजरने के दौरान उस पर कोई झटका लगा होगा, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मामले की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही स्पष्ट होगी।
इधर, मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि रंजीत की हत्या की गई और हत्या के बाद शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया ताकि घटना को ट्रेन हादसा दिखाया जा सके। परिवार के अनुसार रंजीत घर का इकलौता बेटा था और चार बहनों का भाई था। वह बाहर काम करता था, लेकिन कुछ दिनों से गांव में ही रह रहा था।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। परिजन मामले की गहन जांच और दोषियों की पहचान की मांग कर रहे हैं।

