Palamu News:- पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के आसेहार के टिटही टोला में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। हत्या के तुरंत बाद आक्रोशित परिजनों ने दोनों आरोपितों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान 38 वर्षीय उदय यादव के रूप में की गई है। पुलिस ने सोमवार दोपहर शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया। मृतक के भाई संजय कुमार यादव ने बताया कि उसके भाई की हत्या उसकी पत्नी रंजू देवी और उसके प्रेमी चंदन पासवान ने मिलकर की है। चंदन लेस्लीगंज के चौरा का रहने वाला है और पेशे से ड्राइवर है। बताया गया कि चंदन का अक्सर इस गांव में आना-जाना था, इसी दौरान रंजू देवी और उसके बीच डेढ़ वर्ष से प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
परिजनों के अनुसार, दोनों के बीच लगातार बातचीत और मुलाकातें होती थीं, जिससे पति-पत्नी में आए दिन विवाद होता रहता था। स्थिति इतनी बिगड़ चुकी थी कि रंजू देवी अपने पति को जान से मारने की धमकी तक देने लगी थी। रविवार रात दोनों ने योजना बनाकर उदय यादव की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी भी मौके से बरामद हुई है।
घटना के बाद रंजू देवी ने कुछ देर तक अनभिज्ञता का नाटक किया, लेकिन परिजनों की जांच-पड़ताल और घटनास्थल की स्थिति देखकर पूरा मामला उजागर हो गया। परिजनों ने तुरंत ही दोनों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
मृतक उदय यादव अपने पीछे 11 और 8 साल के दो बच्चों को छोड़ गया है। परिवार इस घटना से गहरे सदमे में है। उधर, पुलिस दोनों आरोपितों से विस्तृत पूछताछ कर रही है और यह भी जांच कर रही है कि हत्या की योजना कब और कैसे बनाई गई थी। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

