Hazaribag News:- हजारीबाग पुलिस ने साइबर अपराध पर बड़ी चोट करते हुए सोमवार को चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस ने आरोपितों के पास से 19 एटीएम कार्ड, 11 स्मार्टफोन और 1.50 लाख रुपये नगद समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।
एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि इलाके में कुछ लोग साइबर ठगी की योजना बना रहे हैं। इस सूचना पर तत्परता दिखाते हुए सदर के अपर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने ग्राम डुमर के सरौनी खुर्द जंगल के पास संदिग्ध स्थिति में खड़ी दो कारों को रोका और तलाशी ली। इस दौरान कारों से राजू वर्मा और शिवा कुमार पकड़े गए, जिनके पास से बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड, बैंक संबंधी दस्तावेज और नगदी बरामद हुई।
पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे ग्रामीणों को लालच देकर उनसे एटीएम कार्ड और बैंक दस्तावेज हासिल करते थे। इसके बाद साइबर गिरोह द्वारा भेजी गई ठगी की रकम को विभिन्न एटीएम से निकालकर कमीशन पर अपने मास्टरमाइंड तक पहुंचाते थे। उनके बयान के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए मो. जाकिर अंसारी और तस्लीम अंसारी को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि ये दोनों लंबे समय से कई जिलों में साइबर ठगी में सक्रिय थे। आरोपितों में एक गिरिडीह, एक देवघर और दो हजारीबाग के निवासी हैं, जिससे यह साफ संकेत मिलता है कि गिरोह अंतर-जिला स्तर पर काम कर रहा था।
एसपी अंजनी अंजन ने कहा कि जिले में साइबर अपराध के खिलाफ लगातार अभियान जारी है और अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश की जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस की सतर्कता और साइबर अपराध पर नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


