महुआ से हार के बाद तेज प्रताप ने परिवारवाद पर साधा निशाना, सुशासन सरकार को बताया जनता की पसंद
Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव में हार के बाद लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के संस्थापक तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने अपनी हार स्वीकार करते हुए कहा कि उनकी हार में भी जनता की जीत छिपी है।
तेज प्रताप ने लिखा, “मेरे साथ जनता का प्रेम, विश्वास और आशीर्वाद है, लेकिन सच्चाई कड़वी है—जयचंदों ने राजद को भीतर से खोखला कर दिया, बर्बाद कर दिया। इसी वजह से आज तेजस्वी ‘फेलस्वी’ हो गया।”
उन्होंने यह भी कहा कि बिहार ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि अब राजनीति परिवारवाद की नहीं, शिक्षा और सुशासन की होगी। इसे उन्होंने “जयचंदों की करारी हार” बताया।
तेज प्रताप ने आगे लिखा कि बिहार ने सुशासन की सरकार चुनी है और वे इस जनादेश का सम्मान करते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन को इस जीत का कारण बताया।
“हम जनता के हित में हर कदम पर रचनात्मक भूमिका निभाएंगे,” उन्होंने कहा।
गौरतलब है कि तेज प्रताप यादव ने इस चुनाव में राजद से अलग होकर अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल बनाई थी और महुआ सीट से चुनाव लड़ा था। लेकिन उन्हें करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संजय कुमार ने उन्हें पराजित किया।

