Bhagalpur News:- बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र रविवार को भागलपुर में भोजपुरी सुपरस्टार दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने भाजपा प्रत्याशी रोहित पांडे के समर्थन में भव्य रोड शो किया। इस रोड शो में हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा शहर “निरहुआ जिंदाबाद” और “भाजपा विजय हो” के नारों से गूंज उठा।
रोड शो की शुरुआत स्टेशन चौक से हुई और जुलूस हवाई अड्डा मैदान तक पहुंचा। पूरे मार्ग में लोगों ने निरहुआ और भाजपा प्रत्याशी रोहित पांडे का गर्मजोशी से स्वागत किया। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से दोनों का अभिनंदन किया और भगवा झंडे लहराकर एनडीए के समर्थन में नारे लगाए।
इस रोड शो में गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे भी निरहुआ के साथ मौजूद थे। उनकी मौजूदगी से भीड़ का उत्साह और बढ़ गया। लोगों में निरहुआ को देखने, उनसे हाथ मिलाने और सेल्फी लेने की जबरदस्त होड़ मच गई। सड़क किनारे खड़े लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया।
निरहुआ ने इस दौरान जनता से अपील की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास की राह पर है, इसलिए राज्य में एक बार फिर भाजपा गठबंधन की सरकार बननी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता इस बार ठगबंधन को जवाब देगी और विकास की राजनीति को आगे बढ़ाएगी।
पूरा भागलपुर शहर रोड शो के दौरान भगवा रंग में रंगा नजर आया। भाजपा समर्थकों ने डीजे पर देशभक्ति और भोजपुरी गीतों पर नाचते हुए माहौल को जोश से भर दिया।

