Ranchi News:- राजधानी रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र के मतवे गांव में शनिवार की देर रात एक दर्दनाक घटना घटी, जहां ग्रामीण चिकित्सक सपन दास की गला रेतकर हत्या कर दी गई। सपन दास लंबे समय से गांव में ग्रामीणों का इलाज करते थे और सभी के बीच “बंगाली डॉक्टर” के नाम से जाने जाते थे। उनकी हत्या की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
सूत्रों के अनुसार, सपन दास रोज की तरह अपने क्लिनिक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे दो अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। स्थानीय लोगों ने जब चीख-पुकार सुनी तो वे मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक डॉक्टर की मौत हो चुकी थी। हमलावर घटना के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बुढ़मू थाना प्रभारी नवीन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया है।
थाना प्रभारी नवीन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह हत्या आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी से जुड़ी प्रतीत नहीं हो रही है, क्योंकि मृतक का स्वभाव मिलनसार था और गांव में सभी के बीच उनकी अच्छी छवि थी। फिर भी पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की साजिश और असली अपराधियों का जल्द ही खुलासा किया जाएगा। इस निर्मम हत्या से मतवे गांव के लोगों में भारी आक्रोश और डर का माहौल है। ग्रामीणों ने मांग की है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए।

