Chaibasa News:- झारखंड में अंधविश्वास की एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी प्रखंड के गुलीकेड़ा रैयदा गांव में 70 वर्षीय महिला को डायन बताकर पत्थर से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस जघन्य कांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटना शुक्रवार शाम करीब चार से पांच बजे के बीच की बताई जा रही है, जब टुकनी लोमगा नामक वृद्धा अपने धान के खेत से घर लौट रही थीं। इसी दौरान गांव के ही गोमियां होरो नामक व्यक्ति ने उन पर अचानक हमला कर दिया। उसने महिला को डायन बताते हुए पत्थर से मारकर मौत के घाट उतार दिया।
मृतका की बेटी पुतली लोमगा भी उस वक्त मां के साथ मौजूद थी, लेकिन किसी तरह जान बचाकर भाग निकली। घटना के बाद से वह लापता बताई जा रही है। पुलिस और ग्रामीण उसकी तलाश में लगातार जुटे हुए हैं।
शनिवार सुबह आरोपी गोमियां होरो ने खुद गुदड़ी थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की सूचना मिलते ही गुदड़ी थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ के दौरान हत्या के कारणों की पुष्टि की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांव में लंबे समय से अंधविश्वास और डायन-बिसाही जैसी कुप्रथाओं का डर व्याप्त था। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह या अंधविश्वास में न पड़ें और ऐसी घटनाओं की तुरंत सूचना प्रशासन को दें।

