Khunti News:- खूंटी जिले की पुलिस ने मारंगहादा थाना क्षेत्र में दो माह पूर्व हुए लूटकांड का खुलासा करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल, दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन, लूटे गए 20 हजार रुपये नगद और एक काले रंग का बैग बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रूगुडीह, पोसेया निवासी जोगोन नाग उर्फ राजा (26), महादेव मंडा निवासी अंकित नायक उर्फ कछुआ (19), सोदाग निवासी निहारण होरो उर्फ राजा उर्फ मोटा (24) और रंजीत मुंडा उर्फ पोटो (22) के रूप में हुई है। बीते 20 सितंबर को मारंगहादा थाना क्षेत्र के हितुटीला टॉवर के पास कटे-फटे नोट बदलने वाले एक व्यापारी से चारों आरोपितों ने पिस्टल का भय दिखाकर 40 हजार रुपये लूट लिए थे। घटना के बाद व्यापारी ने थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी अभियान चलाकर चारों आरोपितों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सभी ने अपराध कबूल किया और बताया कि वे घटना से एक सप्ताह पहले भी इसी तरह की एक अन्य लूट की वारदात को अंजाम दे चुके हैं।
एसडीपीओ वरुण कुमार रजक ने बताया कि घटना की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने लगातार तकनीकी निगरानी और स्थानीय स्तर पर छानबीन कर सभी आरोपितों को पकड़ा। उन्होंने कहा कि खूंटी पुलिस अपराध नियंत्रण के लिए सघन अभियान चला रही है।
छापेमारी दल में एसडीपीओ वरुण कुमार रजक, थाना प्रभारी शंकर कुमार विश्वकर्मा, सब इंस्पेक्टर संतोष रजक, रमजानुल हक, सहायक अवर निरीक्षक कृष्णकांत मेहता, तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

