Chatra News: सदर अंचल क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। एसीबी की टीम ने जमीन के म्यूटेशन के एवज में 10 हजार रुपए रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी सतीश कुमार को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई सदर अंचल स्थित कर्मचारी भवन में की गई। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी राजस्व कर्मचारी को अपने साथ हजारीबाग ले गई।
एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार, लेम पंचायत हल्का संख्या-7 में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद पर जमीन के म्यूटेशन के लिए एक व्यक्ति से रिश्वत मांगने का आरोप था। कर्मचारी द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने के बाद संबंधित व्यक्ति ने इसकी शिकायत एसीबी से की थी। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो की टीम ने पूरे मामले का सत्यापन कराया।
सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने के बाद एसीबी ने कार्रवाई की योजना तैयार की। इसके तहत शिकायतकर्ता को निर्धारित रकम लेकर राजस्व कर्मचारी के पास जाने को कहा गया। मंगलवार को शिकायतकर्ता 10 हजार रुपए लेकर कर्मचारी भवन पहुंचा और राजस्व कर्मचारी से मिला।
बताया गया कि जैसे ही राजस्व कर्मचारी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, पहले से मौके पर निगरानी कर रही एसीबी की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। टीम ने उसके पास से रिश्वत के 10 हजार रुपए भी बरामद किए। अचानक हुई कार्रवाई से सदर अंचल के कर्मचारी भवन में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी कर्मचारी को पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए हजारीबाग ले गई। मामले में एसीबी की ओर से आगे की प्रक्रिया की जा रही है।


