Chibasa News:- झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। यह घटना उस समय हुई जब युवक अपने दोस्तों के साथ सोहराय-बांदना पर्व के मौके पर आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मैच देखकर घर लौट रहा था।
मृतक की पहचान छोटा रायकमन गांव निवासी सोमनाथ हेम्ब्रम उर्फ धोनी हेम्ब्रम (पिता – सुरेन हेम्ब्रम) के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार, घटना उस वक्त हुई जब सोमनाथ अपने दोस्तों के साथ लौट रहा था। तभी छोटा रायकमन गांव के ताड़ीसाई टोला से धानसारी जाने वाली सड़क पर अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने अचानक उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमला इतना तीव्र और भयावह था कि सोमनाथ की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने जब शव देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कुमारडुंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात अपराधियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संभावित आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मृतक का किसी से कोई पुराना विवाद नहीं था। हत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके।

