East Champaran :- बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान गुरुवार को पूर्वी चंपारण जिले के गोविंदगंज विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी ई. शशिभूषण राय के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि यदि बिहार में चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से कराए गए, तो बीते 20 वर्षों से सत्ता पर काबिज एनडीए गठबंधन की हार तय है।
उन्होंने कहा कि बिहार की मौजूदा सरकार ने युवाओं के लिए कोई ठोस कार्य नहीं किया। राज्य में पलायन और बेरोजगारी चरम पर है। एनडीए सरकार पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले बिहार के लोगों के प्रति सम्मान की कमी है। एनडीए विकास के नाम पर नहीं, बल्कि धर्म के नाम पर वोट मांग रही है। उन्होंने कहा कि अब बिहार को ऐसी सरकार की जरूरत है, जो गरीबों, महिलाओं और युवाओं के हित में काम करे।
प्रियंका गांधी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा हरियाणा में कथित वोट चोरी के मामले में किए गए खुलासे का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने हरियाणा में पूरी सरकार चोरी कर ली। वहां 25 लाख फर्जी वोट पाए गए। ऐसी वोट चोरी से लोगों के अधिकार छीने जा रहे हैं और उस संविधान को कमजोर किया जा रहा है, जिसके लिए महात्मा गांधी ने संघर्ष किया और उनके परिवार के लोग शहीद हुए।
महागठबंधन के पोस्टर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की टिप्पणी को लेकर प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री विपक्षी दलों के पोस्टरों में लोगों की तस्वीरें नापते रहते हैं। वह देश के प्रधानमंत्री हैं, क्या उनके पास और कोई काम नहीं है? हम कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं, जिन्हें महात्मा गांधी ने रास्ता दिखाया। महात्मा गांधी को यह रास्ता दिखाने वाले चंपारण के पूर्वज थे। बिहार के लोगों को समझना होगा कि इस देश के निर्माण में उनके पूर्वजों ने कितनी बड़ी कुर्बानी दी और उनकी भी जिम्मेदारी है कि इस देश में अपनी भागीदारी निभाएं।
