Purnia News:- कसबा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने भाजपा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार की सरकार दिल्ली के रिमोट कंट्रोल से चलाई जा रही है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री वही करते हैं, जो दिल्ली से आदेश मिलता है।
उन्होंने जनता से अपील की कि अगर वे न्यायपूर्ण और परिवर्तनकारी सरकार चाहते हैं, तो महागठबंधन को अवसर दें। उन्होंने कहा कि गठबंधन की सरकार बनने पर बिहार में बड़े विश्वविद्यालय और आधुनिक अस्पताल स्थापित किए जाएंगे, जिससे युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर मिल सकें।
राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा की नीतियों ने देश को कर्ज और महंगाई में जकड़ दिया है, जिससे आम लोगों की आर्थिक स्थिति बदतर हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस सत्ता में आई तो बेरोजगारी दूर करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे और शिक्षा व स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत किया जाएगा।
सभा के दौरान राहुल गांधी ने मंच पर मौजूद कांग्रेस प्रत्याशियों इरफान आलम (कसबा) और जितेंद्र यादव (पूर्णिया) से पूछते हुए कहा कि यदि वे जीतते हैं, तो उनकी पहली प्राथमिकता क्या होगी। प्रत्याशियों ने जनता के विकास और सेवा का संकल्प दोहराया।
राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा और उसके सहयोगियों ने बिहार को विकास के बजाय ठहराव दिया है। अब जनता सब कुछ समझ चुकी है और इस बार वोट से जवाब देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि जनता की आवाज को मजबूत करना है।

