Patna News:- सारण जिले के मांझी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या 42 और 43, ग्राम जैतपुर में गुरुवार को मतदान के दौरान तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। जानकारी के अनुसार, विधायक एवं सीपीआई (एम) के उम्मीदवार सत्येंद्र यादव मतदान प्रक्रिया का जायजा लेने अपने वाहन से मतदान केंद्र पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने उनका विरोध करना शुरू कर दिया।
विरोध के बीच कुछ असामाजिक तत्वों ने विधायक के वाहन पर हमला कर दिया, जिससे वाहन का शीशा टूट गया। हालांकि, विधायक सत्येंद्र यादव और उनके साथ मौजूद सहयोगी पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मतदान केंद्र पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी स्वयं मौके पर डेरा डाले हुए हैं और घटनाक्रम की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
प्रशासन ने बताया कि वर्तमान में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रूप से जारी है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। इस घटना को लेकर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चुनाव में बाधा डालने या अशांति फैलाने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है ताकि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में सम्पन्न हो सके।

