Patna News:- कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने आजादी की लड़ाई लड़ी और हमें संविधान व सरकार चुनने का अधिकार दिया, लेकिन आज यही अधिकार छीना जा रहा है। केंद्र सरकार ने देश को सिर्फ बेरोजगारी, महंगाई और गरीबी दी है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि बिहार की जनता महागठबंधन की सरकार बनाकर बदलाव लाए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है और उसे इस बात की चिंता है कि कांग्रेस के पोस्टर पर तेजस्वी यादव की तस्वीर क्यों नहीं है। उन्होंने मंच से कहा कि आप अकेले खड़े हैं, आपके साथ न नीतीश कुमार हैं और न ही कोई और। आज बिहार की सरकार दिल्ली से चलाई जा रही है और सभी निर्णय प्रधानमंत्री मोदी ले रहे हैं।
प्रियंका गांधी ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव से पहले जब 10 हजार रुपये की सहायता दी गई तो सवाल यह बनता है कि बीते 20 वर्षों से यह मदद क्यों नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि महिलाओं को समझना चाहिए कि आपका ही पैसा आपको देकर कोई एहसान नहीं किया जा रहा है। देश की संपत्ति बड़े उद्योगपतियों को सौंप दी गई, लेकिन किसानों का कर्ज माफ नहीं किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि देश की अधिकांश कंपनियां और निवेश गुजरात भेजे जा रहे हैं। चुनाव आते ही जनता को आपस में बांटने की कोशिश की जाती है। उन्होंने महिलाओं और युवाओं से अपील कि वे स्थिति को समझें, परखें और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं। महागठबंधन जनता और देश के हित में काम करना चाहता है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि राहुल गांधी ने वोट चोरी रोकने और जनता को अधिकार दिलाने के लिए यात्रा निकाली। भाजपा नहीं चाहती कि सामाजिक न्याय की लड़ाई आगे बढ़े। सभी जातियों को सम्मान और रोजगार का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने जनता से महागठबंधन के प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की।

