Patna News:- । बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के प्रचार का आज अंतिम दिन है। इसी क्रम में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सीवान जिले के रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया और जदयू उम्मीदवार विकास कुमार सिंह के समर्थन में जनता से मतदान की अपील की।
जनसभा में संबोधित करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और पूर्व सांसद शहाबुद्दीन के परिवार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रघुनाथपुर में शहाबुद्दीन और उनके परिवार ने अपराधों का ऐसा इतिहास बनाया है जिसे मिटाना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि यहां हत्या के मामले गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड तक पहुंच गए हैं। यह कलंक तभी मिटेगा जब जनता एकजुट होकर राजद और शहाबुद्दीन परिवार को हराएगी।
हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि बिहार में फिर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजग की सरकार बनना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर आंदोलन के समय जब कई लोगों को संदेह था कि मंदिर बनेगा या नहीं, तब देश ने देखा कि जहां लालू प्रसाद यादव और मुलायम सिंह यादव जैसे नेता हैं, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह भी हैं, जिन्होंने असंभव को संभव किया।
उन्होंने मंच से यह भी कहा कि जब बताया गया कि रघुनाथपुर जाना है, तो पहले लगा कि यहां भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की पावन धरती होगी, लेकिन बाद में जानकारी मिली कि यहां राम और सीता के साथ ओसामा भी है। यह सुनकर उन्हें हैरानी हुई। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद देश में मौजूद सभी ओसामा बिन लादेन जैसे तत्वों को एक-एक कर खत्म किया जाएगा, क्योंकि यह देश भगवान राम, कृष्ण, सीता और लक्ष्मण का देश है, न कि किसी आतंकी का।
गौरतलब है कि रघुनाथपुर सीट से राजद ने शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब को मैदान में उतारा है। उनके सामने जदयू के विकास कुमार सिंह और जन सुराज के उम्मीदवार राहुल कीर्ति चुनाव लड़ रहे हैं, जिससे यहां त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है।
हिमंत बिस्वा सरमा की इस जनसभा में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और उन्होंने राजग के पक्ष में मतदान का आह्वान किया।

