Darbhanga News:- बिहार विधानसभा चुनाव के माहौल के बीच मंगलवार को दरभंगा शहर भाजपा रंग में रंगा नजर आया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ ने यहां राजग उम्मीदवारों के समर्थन में विशाल रोड-शो और जनसभा कर चुनावी माहौल को गरमा दिया। लोहिया चौक से बाकरगंज तक सड़कों पर हजारों लोग योगी आदित्यनाथ की एक झलक पाने उमड़ पड़े। पूरा मार्ग ‘जय श्रीराम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा।
योगी आदित्यनाथ ने रोड-शो के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की नई दिशा पाई है। उन्होंने बिहार की राजग सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि “राजग ने गरीबों, किसानों और युवाओं की जिंदगी बदलने का काम किया है। बिहार अब अपराध और अव्यवस्था के दौर से निकलकर सुशासन की राह पर है।”
उन्होंने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कुछ दल आज भी परिवारवाद, भ्रष्टाचार और जातीय राजनीति में विश्वास करते हैं। बिना नाम लिए उन्होंने कांग्रेस और राजद पर तंज कसते हुए कहा, “जिन्होंने बिहार को लालटेन युग में रोके रखा, वे आज विकास की बातें कर रहे हैं।”
जनसभा में दरभंगा सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर, विधायक संजय सरावगी, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रकांत झा समेत कई नेता मौजूद रहे। प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए थे और पूरे रोड-शो रूट पर यातायात डायवर्ट किया गया।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि योगी आदित्यनाथ की आक्रामक बयानबाजी और संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन से राजग समर्थकों में ऊर्जा का संचार हुआ है और इसका असर आसपास की कई सीटों जैसे केवटी, जाले, हायाघाट और दरभंगा शहरी क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है।

