Gopalganj News:- विधानसभा चुनाव के पहले चरण को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतते हुए चार हाई-प्रोफाइल प्रत्याशियों पर कड़ी नजर रखने का निर्णय लिया है। इसके लिए जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने एक स्पेशल विजिलेंस टीम का गठन किया है।
जिन प्रत्याशियों को निगरानी सूची में शामिल किया गया है उनमें कुचायकोट से जदयू प्रत्याशी अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय, कांग्रेस प्रत्याशी हरिनारायण प्रसाद, बैकुंठपुर से राजद प्रत्याशी प्रेमशंकर यादव और भाजपा प्रत्याशी मिथिलेश कुमार तिवारी शामिल हैं। इन सभी प्रत्याशियों पर अतीत में कई आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं, जिस वजह से प्रशासन ने अतिरिक्त सतर्कता अपनाई है।
डीएम ने जानकारी दी कि प्रत्येक प्रत्याशी के साथ एक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, वीडियोग्राफर टीम और एक विशेष वाहन तैनात किया गया है। यह टीम प्रत्याशी के प्रचार, मूवमेंट और प्रत्येक कार्यक्रम पर नजर रखेगी। सभी गतिविधियों की वीडियोग्राफी कर जिला नियंत्रण कक्ष को भेजी जाएगी, जहां से इसे लगातार मॉनिटर किया जाएगा।
यदि किसी प्रत्याशी या समर्थक द्वारा मतदाताओं को प्रलोभन देने, शराब या पैसे का वितरण करने अथवा आचार संहिता उल्लंघन की कोशिश की जाती है, तो तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, चुनाव आयोग के निर्देशानुसार हर प्रत्याशी के चुनावी खर्च और वित्तीय गतिविधियों पर भी सख्त निगरानी रखी जा रही है।
जिले में फ्लाइंग स्क्वॉड, स्टेटिक सर्विलांस टीम और स्पेशल विजिलेंस टीम मिलकर लगातार संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं। डीएम ने कहा कि किसी भी प्रत्याशी को नियमों से छूट नहीं दी जाएगी। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

