Ranchi News:- रांची पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया है। गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से कुल 28.59 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 5.60 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार 31 अक्टूबर की रात वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली कि कुछ लोग बिहार के सासाराम से ब्राउन शुगर लाकर रांची के पहाड़ी मंदिर क्षेत्र की ओर मोटरसाइकिल से आ रहे हैं। इस सूचना पर कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने बानोस मंजिल रोड के पास घेराबंदी की और रात लगभग 12:30 बजे एक यामाहा मोटरसाइकिल (JH01B-9752) को रोका, जिस पर तीन युवक सवार थे।
तलाशी में शिवा राम (29 वर्ष), अमर कुमार यादव (25 वर्ष) और सूरज कुमार शर्मा (31 वर्ष) के पास से अलग-अलग मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद हुई। शिवा राम के पास से 28.59 ग्राम, अमर कुमार के पास से 4.30 ग्राम और सूरज के पास से 2.24 ग्राम ब्राउन शुगर मिली। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे यह ड्रग्स सासाराम के बबन साह उर्फ मौसा जी और सूरज कुमार से खरीदकर रांची में ऊंचे दामों पर बेचते थे।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों के खिलाफ सुखदेवनगर थाना में कांड संख्या 954/25 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(B), 22 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी अमर कुमार यादव का पूर्व में हत्या (302) व पोक्सो जैसे गंभीर मामलों में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
इस छापेमारी अभियान का नेतृत्व कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के साथ कई पुलिस अधिकारियों और सशस्त्र बलों ने किया।

