Hazaribag News:- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी शनिवार को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और यहां की व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न वार्ड, ब्लड बैंक, इमरजेंसी, दवा वितरण केंद्र और ओपीडी में अव्यवस्था स्पष्ट दिखाई दी। इस पर नाराज़गी जताते हुए मंत्री ने अस्पताल के सुपरिटेंडेंट और सिविल सर्जन को कड़ी फटकार लगाई और कहा कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है, लेकिन यदि जिला स्तर पर अधिकारी और कर्मचारी समय से सुधार नहीं करते हैं, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल परिसर की अव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने असंतोष जताया और तत्काल साफ-सुथरी एवं व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया।
ब्लड बैंक निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पाया कि कई मशीनें पुरानी और अनुपयोगी हो गई हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ब्लड बैंक में नई अत्याधुनिक तकनीक वाली मशीनें जल्द लगाई जाएंगी, ताकि मरीजों को बेहतर सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने शेख भिखारी की प्रतिमा लगाने की मांग उठाई। इस पर मंत्री ने कहा, “क्या मुस्लिमों की प्रतिमा लगती है? फिर भी जनता की मांग है तो इस पर सरकार विचार करेगी।”
मीडिया द्वारा जब उनसे एसीबी जांच या राजनीतिक सवाल किए गए, तो उन्होंने कहा कि वे किसी नकारात्मक मुद्दे पर बात करने नहीं आए हैं। उनका उद्देश्य केवल अस्पताल की स्थिति सुधारना है।
अंत में मंत्री ने सभी अधिकारियों को अस्पताल में साफ-सफाई, बिजली, पानी, दवा उपलब्धता और मरीजों की सुविधा से जुड़ी शिकायतों का जल्द समाधान करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

