Patna News:- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को सीवान के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करते हुए राजद और कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि “अगर बिहार में कांग्रेस-राजद की सरकार बन गई, तो अपराधी फिर से सड़कों पर नाचेंगे और जनता भय के साये में जीने को मजबूर होगी।” उन्होंने कहा कि राजद शासनकाल का ‘जंगलराज’ आज भी बिहार की जनता नहीं भूली है। उस दौर में अराजकता, परिवारवाद और भय का माहौल था।
“कांग्रेस-राजद आए, तो गरीबों का राशन बंद और युवाओं की जमीन जब्त होगी”
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस-राजद की सरकार बनी, तो सबसे पहले गरीबों का राशन बंद कर दिया जाएगा और नौकरी के नाम पर युवाओं की जमीनें हड़प ली जाएंगी। उन्होंने कहा कि ये लोग विकास नहीं, बल्कि अपराधियों का तांडव करवाएंगे। “अपराधी तो कांग्रेस-राजद के शागिर्द हैं,” उन्होंने तंज कसते हुए कहा।
“राजग काम में विश्वास रखता है, दिखावे में नहीं”
योगी ने अपने भाषण में कहा कि राजग केवल वादे नहीं करता, बल्कि उन्हें निभाता भी है। उन्होंने कहा, “हमने कहा था अयोध्या में श्रीरामलला का भव्य मंदिर बनाएंगे — हमने बना दिया। अब माता सीता जी के मंदिर की बारी है।”
उन्होंने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था का उदाहरण देते हुए कहा, “साढ़े आठ साल में यूपी में एक भी दंगा नहीं हुआ। अपराधियों पर बुलडोजर चला, उनकी संपत्तियां जब्त हुईं और उन्हीं पैसों से गरीबों के मकान बने। आज यूपी में दंगा नहीं होता, सब चंगा है।”
“राजग की सरकार बनी, तो बिहार में विकास और स्थिरता आएगी”
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिहार की जनता अब विकास, सुरक्षा और स्थिरता चाहती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। “अगर बिहार में राजग की सरकार बनी, तो राज्य भी विकास की नई ऊंचाइयां छुएगा,” उन्होंने कहा।
उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि राजग की सरकार ही गरीबों, किसानों, युवाओं और माताओं-बहनों के सम्मान की सच्ची रक्षक है।
रघुनाथपुर में माफिया के खिलाफ सख्त संदेश
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि वे तीन दिनों में दूसरी बार सीवान पहुंचे हैं। उन्होंने कहा, “परसों मैं रघुनाथपुर गया था, जहां एक माफिया फिर से कब्जा जमाने की कोशिश कर रहा है। जनता अब ऐसे लोगों को सत्ता में नहीं आने देगी। बिहार अब अपराधियों के हाथों की कठपुतली नहीं बनेगा।”
गौरतलब है कि रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र से राजद ने दिवंगत शहाबुद्दीन के पुत्र ओसामा शहाब को प्रत्याशी बनाया है।
मंच पर मौजूद रहे राजग के वरिष्ठ नेता
जनसभा मंच पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, दारौंदा विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी कर्णजीत सिंह (व्यास सिंह), बड़हरिया से जदयू प्रत्याशी इंद्रदेव सिंह पटेल, जीरादेई से जदयू प्रत्याशी भीष्म प्रताप सिंह, महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह ‘सिग्रीवाल’, सिवान की सांसद विजयलक्ष्मी देवी और भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी सहित अनेक राजग नेता उपस्थित थे। सभी नेताओं ने जनता से राजग के पक्ष में मतदान करने की अपील की और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना की।


