Mokama News:- मोकामा में गुरुवार को हुई हिंसक घटना ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के काफिले पर हुए हमले में उनके चाचा दुलारचंद यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना गोसवरी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां अचानक दोनों राजनीतिक गुटों के समर्थक आमने-सामने आ गए।
जानकारी के अनुसार, पीयूष प्रियदर्शी का काफिला करीब दस गाड़ियों में था, जो मोकामा से गोसवरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान अनंत सिंह के समर्थकों का काफिला सामने से आया। बताया जा रहा है कि जब दोनों काफिले पास हुए तो अनंत सिंह के समर्थक गाड़ियों से उतरकर लाठी-डंडों से हमला करने लगे। उन्होंने पीयूष प्रियदर्शी की गाड़ी पर पत्थरबाजी की और कांच तोड़ दिए।
हमले के दौरान दुलारचंद यादव गाड़ी से नीचे उतरे, तभी हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। गोली लगते ही वे मौके पर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया है और पुलिस बल को मौके पर तैनात कर दिया गया है।
जनसुराज पार्टी ने इसे पूर्व नियोजित राजनीतिक हमला बताया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह पीयूष प्रियदर्शी की हत्या की साजिश थी, लेकिन उनके चाचा ने बीच में आकर जान बचाई। दूसरी ओर, अनंत सिंह गुट की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। घटना के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया है, जबकि लोगों में भय और आक्रोश दोनों दिखाई दे रहे हैं।


