Gaya News:- बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान गया जिले के टिकारी विधानसभा क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हम सेक्युलर पार्टी के प्रत्याशी और वरिष्ठ नेता डॉ. अनिल कुमार पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घटना कोंच थाना क्षेत्र के दिघौरा गांव की है, जहां डॉ. अनिल कुमार देर शाम अपने समर्थकों के साथ चुनावी प्रचार के लिए पहुंचे थे। बताया जाता है कि प्रचार के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण से जुड़ा सवाल उठाया, जिस पर प्रत्याशी और कुछ ग्रामीणों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। मामला धीरे-धीरे तीखी बहस में बदल गया और इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक पथराव और फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुए इस हमले में प्रत्याशी अनिल कुमार और उनके समर्थकों को संभलने का मौका नहीं मिला। पथराव में अनिल कुमार के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनकी गाड़ी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल दिघौरा गांव को पुलिस ने छावनी में तब्दील कर दिया है। पुलिस ने इस हमले में शामिल अज्ञात हमलावरों की पहचान शुरू कर दी है और कई संदिग्धों से पूछताछ चल रही है।
घायल डॉ. अनिल कुमार को पुलिस सुरक्षा के बीच अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. अनिल कुमार ने कहा, “चुनावी प्रचार के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। मेरे सिर और हाथ में चोट आई है। मैंने इसकी पूरी जानकारी पुलिस को दे दी है।”
पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

