Patna News:- बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विपक्षी महागठबंधन और तेजस्वी यादव पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि राज्य में एनडीए सरकार विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है, जबकि विपक्ष सिर्फ झूठे वादों के सहारे जनता को भ्रमित करने का काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि दो करोड़ 70 लाख सरकारी नौकरियों का वादा पूरी तरह अव्यावहारिक है। बिहार का कुल बजट 3 लाख 17 हजार करोड़ रुपये का है, जिसमें से 22 लाख सरकारी कर्मियों के वेतन पर ही 85 हजार करोड़ रुपये खर्च होते हैं। यदि विपक्ष के वादे के अनुसार दो करोड़ 70 लाख लोगों को नौकरी दी जाए, तो 12 लाख करोड़ रुपये की जरूरत होगी—जो राज्य के बजट से चार गुना अधिक है।
चौधरी ने कहा, “जिनके माता-पिता ने 15 साल के शासन में एक लाख लोगों को भी नौकरी नहीं दी, वही आज करोड़ों नौकरियों का सपना दिखा रहे हैं। बिहार में ऐसी बातों के लिए कहा जाता है—‘बाप ना मारे मेढ़की, बेटा तीरंदाज।’”
उन्होंने एकमा, गोरेयाकाठी और अरवल में जनसभाओं को संबोधित करते हुए दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य सरकार ने पिछले पांच वर्षों में 12 लाख लोगों को सरकारी नौकरी और 38 लाख लोगों को रोजगार प्रदान किया है। एनडीए का लक्ष्य आगामी कार्यकाल में एक करोड़ लोगों को रोजगार देना है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि महागठबंधन के नेताओं ने दशकों तक बिहार को पिछड़ेपन और भ्रष्टाचार में डुबोए रखा। कांग्रेस ने 40 साल और लालू प्रसाद यादव ने 15 साल तक राज्य को घोटालों में उलझाए रखा। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बिहार में जहां दिन में कुछ घंटों की ही बिजली मिलती थी, वहीं आज गांव-गांव में 24 घंटे बिजली आपूर्ति हो रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि जनता एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनाएगी।

