Araia News: – झारखंड-बिहार सीमा से सटे अररिया जिले में सोमवार को छठ पूजा की तैयारी के दौरान एक दर्दनाक हादसे में ग्यारह साल की बच्ची की मौत हो गई। यह हादसा भरगामा थाना क्षेत्र के शंकरपुर ऋषिदेव टोला वार्ड संख्या-3 में हुआ, जहां बच्ची लचहा नदी में डूब गई।
मृत बच्ची की पहचान प्रीति कुमारी, पिता शालो ऋषिदेव, निवासी शंकरपुर वार्ड-3, ऋषिदेव टोला के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, गांव के लोग छठ पूजा के लिए नदी किनारे घाट बना रहे थे। घाट तैयार हो जाने के बाद प्रीति वहां गोबर से सफाई कर रही थी। इसके बाद वह हाथ धोने के लिए नदी के किनारे गई, तभी अचानक फिसलकर नदी में गिर पड़ी।
स्थानीय युवकों ने जब यह देखा तो तुरंत पानी में कूदकर बच्ची की तलाश शुरू की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जलकुंभी के नीचे से बच्ची का शव बरामद किया गया। तब तक वह दम तोड़ चुकी थी। इस घटना से पूरे गांव में कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही शंकरपुर के उपमुखिया संदीप यादव, मुखिया उमेश यादव और अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। इसके बाद अंचलाधिकारी निरंजन कुमार मिश्र, प्रखंड विकास पदाधिकारी शशि भूषण सुमन और थानाध्यक्ष राजेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेजा गया।
परिवार और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्ची प्रीति अपने घर की इकलौती संतान बताई जा रही है। घटना की वजह से छठ पूजा की खुशियां मातम में बदल गईं।
मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधियों में समाजसेवी श्यामल किशोर सिंह, पंचायत समिति सदस्य विनोद मंडल, सहदेव ऋषिदेव, अशोक पासवान और वार्ड सदस्य गौरी देवी शामिल थे। सभी ने राज्य सरकार से आपदा राहत कोष से मुआवजा देने की मांग की है।

