Chaibasa News:- पश्चिमी सिंहभूम जिले के सदर अस्पताल में रविवार को एक मरीज ने तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान टोंटो प्रखंड के पूरनापानी गांव निवासी 40 वर्षीय प्रधान होनहागा के रूप में हुई है।
सूत्रों के अनुसार, प्रधान होनहागा पिछले कई दिनों से बीमार थे और उनका इलाज अस्पताल के मेल वार्ड में चल रहा था। रविवार को अचानक उन्होंने वार्ड से बाहर निकलकर तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। नीचे गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना के सब-इंस्पेक्टर मेघनाथ मंडल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंचे।
पुलिस ने बताया कि फिलहाल पूरे मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है। आत्महत्या के पीछे बीमारी की वजह, मानसिक स्थिति या किसी अन्य कारण की भी जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में मरीजों की निगरानी की व्यवस्था पर्याप्त नहीं है, जिससे इस तरह की घटना घटी। वहीं, अस्पताल प्रशासन ने मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा व्यवस्था को सख्त करने की बात कही है।
इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों के बीच भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।

