East Champaran:- जिले के संग्रामपुर-परशुराम मुख्य पथ पर शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। घुसियार गांव के समीप बेकाबू हाईवा ने सड़क पर पैदल चल रहे दो बच्चों को रौंद दिया। इस हादसे में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान कोइरगांवा गांव के स्वर्गीय उमेश महतो के 20 वर्षीय पुत्र सोहित महतो के रूप में हुई है। वहीं, घायल बच्चे का नाम ललन महतो का 12 वर्षीय पुत्र दिलखुश कुमार है, जिसका इलाज मोतिहारी में चल रहा है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष धीरज कुमार सिंह, दारोगा राजीव रंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दक्षिणी मधुबनी पंचायत की मुखिया रीता देवी के प्रतिनिधि अखिलेश सिंह और थानाध्यक्ष के समझाने-बुझाने पर करीब डेढ़ घंटे बाद जाम हटाया गया और आवागमन बहाल हुआ।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया गया है। हाईवा को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

