Gopal ganj News:- बिहार विधानसभा चुनाव के बीच गोपालगंज जिले की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। भाजपा को तब बड़ा झटका लगा जब पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व जिला अध्यक्ष अनूप लाल श्रीवास्तव ने पार्टी से इस्तीफा देकर जनसुराज में शामिल होने का ऐलान कर दिया।
टिकट नहीं मिलने से नाराज अनूप लाल ने पहले निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन कर भाजपा नेतृत्व को असमंजस में डाल दिया था। अब जनसुराज में शामिल होकर उन्होंने चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल दिए हैं। शुक्रवार को जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (पीके) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अनूप लाल श्रीवास्तव को अंगवस्त्र पहनाकर पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल किया और उन्हें गोपालगंज विधानसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया।
प्रशांत किशोर ने कहा कि भाजपा गोपालगंज में जनता की उम्मीदों के साथ खिलवाड़ कर रही है, जबकि जनसुराज जनता की सच्ची आवाज बनेगा। उन्होंने कहा कि अब यहां परिवर्तन तय है और जनता विकास, पारदर्शिता और स्वच्छ राजनीति का साथ देगी।
इस मौके पर अनूप लाल श्रीवास्तव ने कहा कि उन्होंने भाजपा में 40 साल तक समर्पण के साथ काम किया, लेकिन अब पार्टी की विचारधारा पर अवसरवाद हावी हो गया है। उन्होंने कहा, “मैं भाजपा की प्राथमिक सदस्यता और सभी पदों से इस्तीफा देता हूं। अब जनसुराज के माध्यम से जनता की सेवा करूंगा।”
सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेतृत्व ने अनूप लाल को मनाने की भरपूर कोशिश की थी, यहां तक कि गृह मंत्री अमित शाह ने भी बातचीत की पहल की थी, लेकिन बात नहीं बनी। हाल ही में जनसुराज प्रत्याशी डॉ. शशि शेखर सिन्हा के नामांकन वापसी के बाद पार्टी को एक मजबूत स्थानीय चेहरे की तलाश थी, जो अब अनूप लाल श्रीवास्तव के रूप में पूरी हो गई।
स्थानीय कार्यकर्ताओं का कहना है कि भाजपा का बड़ा वर्ग अब अनूप लाल के साथ है, जिससे गोपालगंज सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है।

