Araia News:- फारबिसगंज सुभाष चौक रेलवे गुमटी के पास यातायात व्यवस्था सुचारू करने और जाम से मुक्ति दिलाने के लिए फारबिसगंज थाना की ओर से पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही का ट्रक चालकों से अवैध वसूली करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।
वीडियो में सिपाही बेफिक्र होकर खैनी रगड़ते हुए नजर आ रहा है और ट्रक चालकों से पैसे वसूलता दिख रहा है। बताया जा रहा है कि सिपाही ट्रकों को रोककर सुभाष चौक स्थित एक पान की दुकान के काउंटर पर पैसे रखवाता है और फिर नजर बचाकर पचास-पचास रुपये के दो नोट उठाकर अपनी जेब में रख लेता है।
इसी बीच वीडियो बना रहा व्यक्ति सिपाही से पैसों की वसूली का कारण पूछता है, जिस पर सिपाही पलटकर उसी का वीडियो बनाने लगता है। पूछताछ के दौरान ट्रक चालक पहले पैसे देने से इंकार करता है, लेकिन बाद में दुकानदार का बकाया चुकाने की बात कहता है। हालांकि वीडियो में साफ दिखता है कि सिपाही खुद काउंटर पर रखे पैसे को उठा रहा है।
इस घटना ने पुलिस की कार्यशैली और ईमानदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आमजन पूछ रहे हैं कि जहां पुलिस जाम और व्यवस्था संभालने के लिए तैनात की गई है, वहीं सिपाही खुलेआम वसूली में जुटे हैं। फिलहाल, वीडियो के वायरल होने के बाद स्थानीय प्रशासन के संज्ञान में मामला आने की संभावना जताई जा रही है।

